जोधपुर, 11 अप्रैल 2026। महिला एवं बाल विकास को समर्पित अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व प्राप्त संगठन WPSF के राजस्थान प्रदेश कार्यालय में ‘नारी शक्ति वंदन’ विषय पर एक प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में महिला सशक्तिकरण को मजबूत करना तथा राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका को और अधिक सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं महिला शक्ति ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष श्री जिनेश कुमार जैन ने बताया कि इस अवसर पर सभी सदस्यों ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नारी शक्ति वंदन एवं महिला सशक्तिकरण संबंधी संबोधनों की सराहना की। उपस्थितों ने महिला आरक्षण विधेयक को ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम बताया।
संगठन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजरानी, संयोजक संतोष कुमार, सलाहकार रितु जैन तथा प्रदेश उपाध्यक्ष संध्या राठौड़ ने विधेयक को महिलाओं के लिए मील का पत्थर करार देते हुए अपने विचार रखे।
बैठक का माहौल पूरे समय उत्साह और ऊर्जा से भरा रहा। WPSF की महिला सदस्यों ने केक काटकर, मिठाई बांटकर, गीत-संगीत एवं नृत्य के माध्यम से इस पहल का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया। सदस्यों ने एकस्वर में कहा कि यह विधेयक महिलाओं को समान अवसर प्रदान कर उन्हें नेतृत्व के नए आयाम देगा।
WPSF पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2023 में प्रस्तुत महिला आरक्षण विधेयक नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। संगठन पिछले कई वर्षों से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का निरंतर प्रयास कर रहा है।
संगठन ने स्पष्ट रूप से कहा कि WPSF का उद्देश्य जाति, धर्म एवं राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर नारीत्व एवं मानवता को सर्वोपरि मानना है। नारी शक्ति, पुरुष शक्ति एवं युवा वर्ग को साथ जोड़कर सामाजिक सेवा के माध्यम से एक सकारात्मक पहचान बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
अंत में सभी सदस्यों ने महिला आरक्षण विधेयक को पारित करने की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यह ऐतिहासिक पहल भारत में महिला सशक्तिकरण को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।







