भारत 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने के लिए प्रयास कर रहा है और, इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है। इस बीच खबर है कि दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम को ध्वस्त करके ‘स्पोर्ट सिटी’ बनाने की योजना है। दरअसल, इस परियोजना से राजधानी में विश्व स्तरीय खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। बता दें कि लगभग 100 एकड़ क्षेत्रफल में जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम बना हुआ है।
कतर और ऑस्ट्रेलिया के मॉडल पर बन सकती है स्पोर्ट सिटी
खेल मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से बताया कि संबंधित अधिकारी वर्तमान में कतर और ऑस्ट्रेलिया के बुनियादी ढांचे के मॉडल का अध्ययन कर रहे हैं। ये 2 ऐसे देश हैं जो वैश्विक आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम हैं। खबरों के अनुसार, अब तक निर्माण शुरू होने की कोई निश्चित समय-सीमा नहीं है। केवल मूल्यांकन पूरा होने और अंतिम योजना को मंजूरी मिलने के बाद ही स्पोर्ट सिटी परियोजना शुरू होगी।
एथलेटिक्स टीम का घरेलू मैदान रहा है ये मैदान
भारत ने 1982 में दूसरी बार एशियाई खेलों की मेजबानी की थी। उन खेलों के आयोजन को ध्यान में रखते हुए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का निर्माण किया गया था और बाद में 2010 के राष्ट्रमंडल खेल के लिए पुनर्निर्मित किया गया था। लगभग 60,000 दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में प्रमुख रूप से एथलेटिक्स और फुटबॉल मैच खेले जाते रहे हैं। यह स्टेडियम ऐतिहासिक रूप से राष्ट्रीय एथलेटिक्स टीम का घरेलू मैदान रहा है।






