चूरू। जिले के भालेरी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। बुचावास-तोगावास गांव के बीच करीब रात 9 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर और ऑल्टो कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में मृतकों की पहचान प्रदीप जांगिड़ (25), निवासी मानपुरा (सादुलपुर) और प्रवीण जाट (27), निवासी मानपुरा (सादुलपुर) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक महेश जांगिड़ (25), निवासी बूंगी (राजगढ़) को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
काम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार प्रदीप बुचावास गांव में फर्नीचर का काम करता था। मंगलवार शाम उसका दोस्त प्रवीण ऑल्टो कार लेकर उसे लेने पहुंचा था। इसी दौरान प्रदीप के साथ काम करने वाला महेश भी कार में बैठ गया, जिसे रास्ते में ददरेवा उतरना था।
जैसे ही तीनों बुचावास गांव से बाहर निकले, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मौके पर दो युवकों की मौत
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल महेश को तुरंत तारानगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
वहीं प्रदीप और प्रवीण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने ट्रेलर किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही भालेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर तारानगर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।








