डबल मर्डर के आरोपी पुष्पराज सिंह ने पुलिस के समक्ष किया समर्पण

चित्रकूट। धर्म नगरी चित्रकूट से सटे मध्य प्रदेश के नया गांव थाना अंतर्गत सतना-चित्रकूट मार्ग में पड़हा मोड़ के समीप बीती रविवार को डबल मर्डर कर सनसनी फैलाने वाले एकतरफा प्यार में पागल आशिक पुष्पराज सिंह ने बुधवार को बढ़ते दबाव के चलते सतना सिविल लाइन पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। मध्य प्रदेश पुलिस ने डबल मर्डर के आरोपी पर दस हजार का ईनाम घोषित किया था। गौरतलब है कि चित्रकूट से सटे मध्य प्रदेश के सतना जिले के नयागांव थाना क्षेत्र के रजैला बाईपास के पास पड़हा मोड़ पर बीती रविवार को अज्ञात बदमाशों ने उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के निवासी अनुज दीक्षित और उसकी महिला मित्र प्रिया सिंह की गोली मार कर हत्या कर सनसनी फैला दी थी।
मृतक युवक अनुज दीक्षित शराब कारोबार से जुड़े भाटिया ग्रुप में मैनेजर था। वहीं मृतिका प्रिया सिंह सतना जिले के नागौद थाना के घोराहटी गांव की निवासी थी और विराट नगर में अपने माता-पिता के साथ रहती थी। मृतिका के परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले पुष्पराज सिंह पर डबल मर्डर करने का आरोप लगा रहे हैं। आरोपी कॉलेज और स्कूल संचालित करता है। मृतिका कथित आरोपी के कॉलेज में शिक्षिका थी लेकिन काॅलेज संचालक के छेड़छाड़ से परेशान होकर नौकरी छोड़ दी थी।
दोहरे हत्याकांड के बाद हरकत में आयी मध्य प्रदेश पुलिस ने मृतिका के परिजनों की तहरीर पर पुष्पराज सिंह और उनके सहयोगियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए थे। वहीं घटना के बाद से आरोपी पुष्पराज सिंह घर और स्कूल में ताला जड़कर फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के ऊपर दस हजार का इनाम भी घोषित कर दिया था। पुलिस के लगातर बढ़ते दबाव के चलते बुधवार को डबल मर्डर के आरोपी पुषराज सिंह ने सतना सिविल लाइन पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
यह खबर भी पढ़े: बंगाल पहुंची केंद्रीय चुनाव आयोग की फुल बेंच, राज्य के अधिकारियों संग की बैठक