जम्मू-श्रीनगर यातायात के लिए सेना ने तैयार किया वैकल्पिक पुल

जम्मू। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के 10 जनवरी को भूस्खलन के चलते बंद हो जाने के बाद अब सेना द्वारा वैकल्पिक पुल बनकर तैयार हो गया है। रामबन जिले के केला मोड़ पर सेना द्वारा बनाए गए अस्थायी पुल (बैली ब्रिज) पर अब यातायात बहाल होने की पूरी संभावना है। राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत में अभी भी करीब 20 दिन का समय लग सकता है। प्रभावित राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा जब तक यातायात के लायक नहीं बन जाता, तब तक इस पुल से यातायात बहाल रहेगा।
सेना द्वारा बनाए गए अस्थायी पुल पर शनिवार दोपहर को वाहनों को चलाकर इसे टेस्ट किया गया। इस दौरान पुल पर छोटी से लेकर बड़ी गाड़ी तक चलाकर देखी गई और यह टेस्ट सफल भी रहा। आज शाम को सेना द्वारा इस पुल को एनएचएआई को सौंप दिया गया। सेना द्वारा यह पुल 60 घंटों के भीतर ही पूरा कर लिया जबकि इसे बनाने की अवधि 70 घंटे रखी गई थी। सूत्रों के अनुसार आज देर शाम इस पुल पर यातायात शुरू किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि रामबन जिले में बनिहाल के पास दस जनवरी की शाम को भूस्खलन हुआ था। इसके चलते टनल के पास बने पुल की सुरक्षा दीवार ढह गई थी। तब से ही जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए बंद हैं। सुरक्षा दीवार ढहने के तुरंत बाद इसकी मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया था लेकिन इसे पूरी तरह से ठीक होने में 20 दिन लग सकते हैं।
यह खबर भी पढ़े: आंदोलन कहीं किसानों को ही विफल करने की नीति न साबित हो !